Sunday, January 15, 2017

24 घंटे हो गए, जब मैं सो नहीं पाया तो उन 24 घरों के लोग कैसे होंगे?

कल शाम ऑफिस में काम करने के दौरान अचानक मेरे एक कलीग के मोबाइल पर फ़ोन आया कि गंगा पार दियारा से आ रही नाव पलट गयी है, कुछ लोगों की हालत नाज़ुक है. उस वक़्त मैं फोटोज सेलेक्ट कर रहा था, वो फोटो जो मकर संक्रांति के मौके पर बिहार सरकार की ओर से आयोजित पतंग उत्सव में भाग लेने गए लोगों के दिन भर के एन्जॉयमेंट की थी. फोटो देख कर मन में थोड़ी उदासी भी थी कि हर बार की तरह इस बार भी मैं किसी कारणवश वहाँ नहीं जा सका.
खैर, उस कॉल के बाद रिपोर्टर्स ने इधर उधर फ़ोन करना शुरू कर दिया था. कुछ ही देर में पता चल गया था कि हादसा बहुत बड़ा हुआ है. 2 का शव मिलने की खबर से शुरू हुई यह मनहूस कहानी रात होते होते 21 पर जा पहुंची थी. रात को जब ऑफिस से घर आया, तो पता चला मेरे पहचान का एक शख्श भी इस "सरकारी मर्डर" की भेंट चढ़ गया. अभिषेक कुमार श्रीवास्तव की मौत हो चुकी थी, अभिषेक पटना का होनहार लड़का था. पुराने सिक्कों को जमा करने का शहर का सबसे बड़ा शौक़ीन कलेक्टर था अभिषेक. मैं उसे 6 साल से जानता हूँ, तब मैं आईनेक्स्ट में लगभग कर वीक उसके व्यू पब्लिश करता था. जब छापना बंद कर देता था, तो वह फ़ोन करता था कि भैया इस बार मैंने अच्छा नहीं लिखा था कि आपने नहीं पब्लिश किया. ऐसे मुझे भी उसके व्यू का इंतज़ार रहता था, क्योंकि वो लिखता बहुत अच्छा था. उसका जाना उसके जानने वालों के लिए इतना भयावह था, तो उसके घरवाले कैसे होंगे.
अभिषेक सहित 25 लोगों की मौत की जिम्म्मेवार सीधे सीधे सरकार ही है. इतने वृहत रूप में आयोजन किया गया, लोगों को एन्जॉय करने के लिए बुलाया गया, तो इनलोगों को घर तक सही सलामत पहुँचाना भी आपकी ही जिम्मेवारी में आती है. कुछ दिन पहले ही आयोजित हुए प्रकाश पर्व में लाखों लोग आये थे, जिनकी खातिरदारी में कोई कसर नहीं छोड़ी गयी थी. शायद उस पर्व में बिहार सरकार की धूम देश विदेश में फैलनी थी, एक धर्म विशेष के लोगों के बीच सरकार की बेहतरीन छवि बनानी थी. और ऐसा हुआ भी, नीतीश बाबू की धूम मच गयी. पर ये रहा अपने घर का पर्व, यहाँ कुछ कमी भी हो जाये तो कोई बोलने वाला नहीं. अफ़सोस तब होता है, जब पटना में फेस्टिवल के दौरान लगातार हादसे होते रहे हैं. छठ पूजा हो या दशहरा, दर्जनों लोगों की जानें जा चुकी हैं, पर सरकार को भूत याद नहीं रहता, वो सिर्फ वर्तमान देखती है, अपना भविष्य देखती है.
काश सरकार, आमलोगों का भविष्य भी समझ पाती, अभिषेक जैसे बेगुनाहों की मौतों पर आँसू बहाने के बजाय कुछ इंतेज़ाम कर पाती. आप कुछ करें न करें, कभी ऐसे वृहत आयोजन न कराएं....

7 comments:

  1. 24 लोगों की असामयिक मौत की जिम्मेवार पूरी तरह से राज्य सरकार है. न सरकार सबको गंगा पार बुलाती है और न ही ऐसा बड़ा हादसा होता.

    ReplyDelete
  2. सरकार को आखिर इस सामूहिक कत्लेआम की सजा कौन देगा? यह सरकार की लापरवाही का ही नतीजा है कि खुशी के मौके पर इतने लोगों की एक साथ जान गयी.

    ReplyDelete
  3. Nice! अच्छा लिखे हैं संजीत जी। सच में ऐसा हादसा फिर कभी न देखना पड़े!

    ReplyDelete
  4. सरकार को ऐसे कार्यक्रम करवाना ही नहीं चाहिए था. और अगर इतना ही लोगों की चिंता थी, तो प्रकाश पर्व जैसी व्यवस्था क्यों नहीं करायी गयी.

    ReplyDelete
  5. पटना को किसकी नजर लग गयी है. हर पर्व-त्योहार में कुछ न कुछ अपशकुन हो ही जाता है. सरकार को पर्व-त्योहार में विशेष ध्यान देना चाहिए.

    ReplyDelete
  6. बिहार सरकार सिर्फ ऐसे आयोजनों पर ध्यान देती है, जहां सीधे-सीधे उसका फायदा हो रहा है. यहां सफल आयोजन कर न उसे वोट मिलता और न ही प्रकाश पर्व की तरह देश-विदेश में वाहवाही.

    ReplyDelete
  7. खुशी सेलिब्रेट करना ही यहां गुनाह हो गया है.

    ReplyDelete